अनाथ चार बच्चों के घर पहुंचा प्रशासन, सरकारी सहायता का दिया भरोसा
पलामू, 14 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के निर्देश पर मंगलवार को हुसैनाबाद प्रखंड की लोटनियां पंचायत अंतर्गत बरडीहा गांव में रहने वाले चार अनाथ बच्चों के घर प्रशासनिक टीम पहुंची। अधिकारियों ने बच्चों की स्थिति का जायजा लेते हुए
अनाथ बच्चों के घर पहुंची प्रशासनिक टीम


पलामू, 14 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के निर्देश पर मंगलवार को हुसैनाबाद प्रखंड की लोटनियां पंचायत अंतर्गत बरडीहा गांव में रहने वाले चार अनाथ बच्चों के घर प्रशासनिक टीम पहुंची।

अधिकारियों ने बच्चों की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्हें सरकार की सभी पात्र कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा दिया।

हुसैनाबाद अंचल अधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एसके रवि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल थे। इस दौरान डॉ रवि ने चारों बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि अधिकारियों ने उनकी शिक्षा, पोषण, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।

अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि चांदनी कुमारी (17), नंदिनी कुमारी (15), शिवानी कुमारी (07) और शिवम कुमार (05) को सरकार की सभी पात्र योजनाओं से जोड़ा जाएगा। स्पॉन्सरशिप योजना के तहत पात्र बच्चों को प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा बैंक खाता खुलवाने, शिक्षा की समुचित व्यवस्था करने, साइकिल, पुस्तकें, कॉपी सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि बच्चों को नियमित राशन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को सौंपी गई है। वहीं शौचालय निर्माण, गैस चूल्हा उपलब्ध कराने सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को बच्चों की नियमित निगरानी कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि बरडीहा गांव के इन चार अनाथ बच्चों की दयनीय स्थिति समाजसेवी सतीश शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उठाने के बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में आया था। उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल अधिकारियों की टीम को गांव भेजने का निर्देश दिया।

प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि चारों बच्चों की देखभाल पूरी संवेदनशीलता के साथ की जाएगी और उन्हें किसी भी सरकारी सुविधा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इस अवसर पर लोटनियां पंचायत के मुखिया विनोद सिंह उर्फ लाल बाबू, समाजसेवी सतीश शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार