गुरु गोष्ठी में आधार, अपार आईडी व दिव्यांग बच्चों के नामांकन में तेजी लाने के निर्देश
खूंटी , 14 जुलाई (हि.स.)। खूंटी प्रखंड मुख्यालय स्थित कन्या विद्यालय के सभागार में मंगलवार को प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार की अध्यक्षता में मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं लंबित कार्यों की समीक्षा
Guru goshthi


खूंटी , 14 जुलाई (हि.स.)। खूंटी प्रखंड मुख्यालय स्थित कन्या विद्यालय के सभागार में मंगलवार को प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार की अध्यक्षता में मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सभी विद्यालयों को आधार एवं बैंक खाता संबंधी अद्यतन प्रतिवेदन अगले दिन तक उपलब्ध कराने तथा शेष बच्चों का आधार कार्ड, अपार आईडी और प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ई-कल्याण पोर्टल पर पंजीकरण शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पोशाक योजना के लिए दो दिनों के भीतर विद्यार्थियों का अद्यतन आंकड़ा बीआरसी में जमा करने को कहा गया।

विशेष नामांकन अभियान के तहत 3 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यालय से बाहर रह गए सभी दिव्यांग बच्चों का दो दिनों के भीतर निकटवर्ती विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिन बच्चों का आधार नहीं बना है, उनका जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर आधार कार्ड तैयार कराने तथा जिनका आधार बन चुका है, उनकी अपार आईडी तत्काल जनरेट करने के निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति के साथ मासिक मूल्यांकन से संबंधित सभी आंकड़ों की नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया। मध्यान्ह भोजन योजना में बच्चों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम नहीं होने देने तथा प्रतिदिन एसएमएस रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सभी विद्यालयों को इको क्लब का गठन कर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण करने, बच्चों को नियमित रूप से आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियां उपलब्ध कराने तथा विभागीय निर्देशानुसार विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन की तैयारी करने को कहा गया।

गोष्ठी में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अनीता लकड़ा, प्रखंड साधन सेवी विजय शर्मा, लेखपाल जूलियाना कच्छप, डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रेमिना बोदरा, सभी सीआरपी, रिसोर्स शिक्षिकाएं तथा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा