एलआइसी इंडिया की पहल से नेत्र चिकित्सा को मिलेगी नई मजबूती
खूंटी , 14 जुलाई (हि.स.)। खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एलआईसी इंडिया ने अपनी गोल्डन जुबली सीएसआर योजना के तहत एसजीवीएस को लगभग 35.5 लाख रुपये की लागत
एलआइसी इंडिया की पहल से नेत्र चिकित्सा को मिलेगी नई मजबूती


खूंटी , 14 जुलाई (हि.स.)। खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एलआईसी इंडिया ने अपनी गोल्डन जुबली सीएसआर योजना के तहत एसजीवीएस को लगभग 35.5 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक फेको मशीन एवं अन्य आधुनिक नेत्र शल्य चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी है।

एसजीवीएस के अध्यक्ष कड़िया मुंडा ने इस मानवीय पहल के लिए एलआईसी इंडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन आधुनिक उपकरणों के उपलब्ध होने से गरीब, आदिवासी, वनवासी और सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण नेत्र उपचार और मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों की आधुनिक सर्जरी की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने इस कार्ययोजना को मूर्त रूप देने में पुरुषोत्तम और अश्विनी मिश्रा के सहयोग की भी सराहना की।

एसजीवीएस के सचिव डॉ निर्मल ने बताया कि इस परियोजना में कई संस्थानों ने भी सहयोग दिया है। ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने अस्पताल के लिए 17.5 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट उपलब्ध कराई है। सिंगापुर की कंपनी ने 03 लाख रुपये, मोनोलिथेक्स ने एंबुलेंस के लिए 08 लाख रुपये, मोदी प्रोजेक्ट ने 05 लाख रुपये तथा एसजी इंटरप्राइजेज ने 1.5 लाख रुपये का सहयोग दिया है।

डॉ निर्मल ने बताया कि राष्ट्रीय अंधत्व और दृष्टिबाधिता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खूंटी जिले में 2,181 और सिमडेगा जिले में 648 नेत्र सर्जरी का भुगतान लंबित है। प्रति सर्जरी 2,000 रुपये की दर से दोनों जिलों का कुल लगभग 56.58 लाख रुपये का भुगतान अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय अनुदान के मूल विपत्र का भुगतान नहीं होने की समस्या से स्वास्थ्य विभाग के मंत्री और संबंधित सचिव को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की गई है।

एसजीवीएस के अध्यक्ष पद्मभूषण कड़िया मुंडा और सचिव डॉ निर्मल सिंह ने इस जनहितकारी पहल में सहयोग करने वाले सभी संस्थानों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा