Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। मानसून के दौरान कोयले के निर्बाध उत्पादन और आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड यानी बीसीसीएल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने बस्ताकोला विकास भवन में अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, एचओडी और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद सीएमडी ने राजापुर कोलियरी का निरीक्षण भी किया और मानसून के दौरान उत्पादन, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में खदानों में जलजमाव रोकने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और तय उत्पादन लक्ष्य हासिल करने पर विस्तार से चर्चा की गई। सीएमडी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के मौसम में भी कोयला उत्पादन और परिवहन किसी भी परिस्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए। साथ ही सभी परियोजनाओं में दुर्घटना-मुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी सख्ती से पालन किया जाए।
बैठक के बाद सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने राजापुर कोलियरी का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा