Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 13 जुलाई (हि. स.)। कोरबा जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया, जिसमें अवैध परिवहन करते पाए गए 4 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। इसके साथ ही 8 वैध रेत भंडारण केंद्रों का औचक निरीक्षण कर संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई।
विभाग द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने अभियान के दौरान करतला क्षेत्र में मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा। वहीं विजयनगर और मुंगाडीह में रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर तीन अन्य ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से करतला थाना और दीपका थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
इसके अलावा विभागीय अधिकारियों ने कुदमुरा, कसरेंगा, धवईपुर, चुईया, छुरीखुर्द, गीतारी और बरबसपुर सहित विभिन्न स्थानों पर संचालित 8 स्वीकृत रेत भंडारण केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भंडारणकर्ताओं को निर्धारित नियमों और शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
खनिज विभाग के अनुसार इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और वाहन संचालकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य प्रासंगिक वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी