पलामू में अवैध खनन के खिलाफ सख्ती, जून में 32 वाहन जब्त, 22.36 लाख रुपये जुर्माना वसूला
पलामू, 14 जुलाई (हि.स.)। पलामू जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में
बैठक करते उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत


पलामू, 14 जुलाई (हि.स.)। पलामू जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में इस संबंध में समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और बंद पड़ी खदानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि जून माह के दौरान खनन विभाग ने अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 32 वाहनों को जब्त कर 22 लाख 36 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद ने एक ईंट भट्ठा, 11 स्टोन माइंस और 12 स्टोन क्रशरों का निरीक्षण कर सभी संचालकों को नोटिस जारी किया।

जिला परिवहन विभाग ने अभियान के दौरान 51 वाहनों को जब्त करते हुए 9 लाख 41 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं विभिन्न अंचलों द्वारा की गई कार्रवाई में 40 वाहन जब्त किए गए, जिनमें सर्वाधिक आठ वाहन छत्तरपुर अंचल से पकड़े गए। समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि पिछले तीन महीनों में मोहम्मदगंज और उंटारी रोड अंचल में अवैध खनन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उपायुक्त ने पुलिस, परिवहन और खनन विभाग को संयुक्त रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाने, चेकपोस्टों पर कड़ी निगरानी रखने तथा खनन स्थलों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बंद पड़ी खदानों की अनिवार्य रूप से फेंसिंग कराने पर भी बल दिया, ताकि दुर्घटनाओं और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

बैठक में उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ), अंचलाधिकारियों (सीओ) और थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ अवैध खनन के खिलाफ निरंतर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सदर एसडीएम, हुसैनाबाद एसडीपीओ, सहायक समाहर्ता एवं विभिन्न थाना प्रभारी उपस्थित रहे, जबकि जिले के विभिन्न अंचलों के अंचलाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार