Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सारण, 14 जुलाई (हि.स.)। मांझी प्रखंड के ग्राम पंचायत राज-लेजुआर में मनरेगा योजनाओं में भ्रष्टाचार और लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी द्वारा की गई औचक जांच के बाद लेजुआर पंचायत की मुखिया माधुरी देवी और पंचायत समिति सदस्य बबीता देवी समेत कई अधिकारियों व कर्मियों पर दाउदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
स्थल निरीक्षण के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में पंचायत समिति सदस्य द्वारा कराए गए पईन उड़ाही के तीन कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितता पाई गई। इसके साथ ही पंचायत स्तर से संचालित निजी वृक्षारोपण की दो योजनाओं में भी घटिया सामग्री के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है।
इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन ने न सिर्फ मुखिया और पंचायत समिति सदस्य, बल्कि संबंधित कनीय अभियंता, पंचायत तकनीकी सहायक, पंचायत रोजगार सेवक और मेट के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही साथ कनीय अभियंता, तकनीकी सहायक, रोजगार सेवक और मेट को संविदामुक्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार