Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवरिया, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने, दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान करने तथा सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जिन स्थानों पर बार-बार दुर्घटनाएं होती हैं, उन्हें चिन्हित कर वहां चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों का थानावार विवरण तैयार किया जाए। साथ ही प्रत्येक सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु का ऑडिट भी कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
बैठक में डीएम ने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों, पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग और 108 एंबुलेंस सेवा को भी हर समय सतर्क रहने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके और उनकी जान बचाई जा सके।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतना, गति सीमा का पालन करना और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोग सुरक्षित यातायात के नियमों का पालन करें और अपने साथ दूसरों के जीवन की भी रक्षा करें।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अनिल जाटव, सहायक अभियंता पी. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक