Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवरिया, 14 जुलाई (हि.स.) । संभावित बाढ़ के मद्देनजर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में बाढ़ तटबंधों और कटानरोधी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूरा करने, तटबंधों की सतत निगरानी बनाए रखने तथा बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण की शुरुआत जिलाधिकारी ने पिड़रा पुल से की, जहां उन्होंने विभाग द्वारा स्थापित जलस्तर मापक गेज का निरीक्षण किया और अधिकारियों से नदी के जलस्तर की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पिड़रा पुल के समीप स्थित बाढ़ चौकी का भी निरीक्षण किया। यहां रिजर्व स्टाॅफ की तैनाती और स्टोर में उपलब्ध बाढ़रोधी सामग्री की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जियो बैग, गेबियन नायलॉन क्रेट, जियो क्रेट सहित अन्य आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
इसके बाद डीएम ग्राम बेलवा स्थित पचलड़ी तटबंध पहुंचे, जहां 2.64 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे कटानरोधी कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण में अधिकांश कार्य पूर्ण मिला, जबकि केवल फिनिशिंग का कार्य शेष था। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता बाढ़ राधेश्याम प्रसाद को निर्देश दिया कि शेष कार्य दो दिन के भीतर हर हाल में पूरा कराया जाए। इसके उपरांत उन्होंने पलिया छपरा तटबंध के नारायणपुर गांव के निकट लगभग 4.53 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कटानरोधी परियोजना का निरीक्षण किया। यहां भी निर्माण कार्य अंतिम चरण में मिला। जिलाधिकारी ने गुणवत्ता बनाए रखते हुए फिनिशिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान डीएम ने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने तटबंधों पर नियमित निगरानी, चौकसी और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक