Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आज मंगलवार जिला परिवहन विभाग ने कुसमी विकासखंड के ग्राम कमलापुर निवासी गौतम कुमार को तीन वर्ष से लंबित वाहन की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) उपलब्ध करा दी। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर मामले का त्वरित निराकरण किया गया।
गौतम कुमार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर बताया था कि कुसमी स्थित साईं ऑटो टीवीएस शोरूम से वाहन खरीदने के करीब तीन वर्ष बाद भी उन्हें आरसी बुक नहीं मिली थी, जिससे उन्हें लगातार परेशानी हो रही थी।
शिकायत मिलने के बाद जिला परिवहन विभाग ने मामले की जांच की। जांच में पता चला कि आरसी जारी करने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए गए थे। इसके बाद संबंधित पक्ष से जरूरी दस्तावेज प्राप्त कर प्रक्रिया पूरी की गई और आवेदक को वाहन की आरसी उपलब्ध करा दी गई।
आरसी मिलने के बाद गौतम कुमार ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान हो गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को शासन की सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय