Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 14 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग, यमुनानगर में तैनात एक जूनियर इंजीनियर और एक बेलदार को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ब्यूरो ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ब्यूरो के अनुसार शिकायतकर्ता सिंचाई विभाग में ठेकेदार के रूप में कार्य करता है। आरोप है कि विभाग में कार्यरत जूनियर इंजीनियर सौरभ कुमार ने सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद ठेकेदार के वैध बिलों का भुगतान लंबित रखा और भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने स्वयं तथा अपने वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर धनराशि की मांग करते हुए राशि प्राप्त करने के लिए विभाग के बेलदार करमजीत को भेजा।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता ब्यूरो ने योजनाबद्ध कार्रवाई की। आरोप है कि करमजीत ने शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये लेकर यह राशि जूनियर इंजीनियर सौरभ कुमार को सौंप दी। इसी दौरान पहले से तैनात ब्यूरो की टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रमुख ए.एस. चावला ने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी वैध कार्य के बदले रिश्वत की मांग करे, तो इसकी सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा 1064 पर दें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार