Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ब्रासीलिया/लंदन, 14 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों के कार्गो पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने के प्रस्ताव का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विरोध तेज हो गया है। ब्राजील और ब्रिटेन ने इस योजना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर इस तरह का शुल्क वैश्विक व्यापार और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों के खिलाफ है।
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने ट्रम्प की योजना की आलोचना करते हुए इसे समुद्री डकैती करार दिया। उन्होंने कहा कि किसी अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों से इस प्रकार धन वसूलना स्वीकार्य नहीं है और इससे वैश्विक समुद्री व्यापार की स्वतंत्रता प्रभावित होगी।
वहीं, ट्रंप के प्रस्ताव पर ब्रिटेन ने भी स्पष्ट विरोध दर्ज कराया है। प्रधानमंत्री कार्यालय डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत बिना किसी टोल या शुल्क के सभी देशों के लिए खुला रहना चाहिए।
प्रवक्ता ने कहा, इन प्रस्तावों का विस्तृत विवरण अमेरिका ही बताएगा, लेकिन हमारा रुख हमेशा से यही रहा है कि होर्मुज स्ट्रेट पर किसी प्रकार का टोल या शुल्क नहीं लगाया जाना चाहिए। ऐसा कोई भी कदम वैश्विक व्यापार और समुद्री परिवहन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
दरअसल, ट्रंप ने हाल ही में दावा किया था कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगा और इसके बदले वहां से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों के कार्गो मूल्य का 20 प्रतिशत शुल्क वसूलेगा। उन्होंने ईरानी जहाजों की नाकेबंदी फिर से लागू करने की बात भी कही थी।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय