Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 14 जुलाई(हि.स.)।
अररिया के भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया कला हनुमानगंज में ट्रैक्टर पलटने से तीन महिला मजदूरों की मौत और कई लोगों के घायल होने पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने दुख व्यक्त किया।सांसद प्रदीप कुमार सिंह पोस्टमार्टम हाउस समेत गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और घटना को लेकर जानकारी लेते हुए घटना को लेकर गहरी संवेदना व्यक्त किया।
सांसद ने अस्पताल में भर्ती घायल मजदूरों के इलाज की समुचित प्रबंध को लेकर डीएम समेत सीएस से बातचीत कर बेहतर मेडिकल सुविधा उपलब्ध करने को निर्देशित किया।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और 11 साल के नाबालिग बालक के द्वारा ट्रैक्टर चलाने को लेकर सवाल खड़ा किया।उन्होंने प्रशासन से ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को समुचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।उन्होंने घटना के पीछे लापरवाही को जिम्मेवार ठहराया।
घटना को लेकर जानकारी देते हुए परिजनों ने नाबालिग छोटे बच्चे के द्वारा ट्रैक्टर चलाए जाने की जानकारी दी।ग्रामीणों न बताया कि वैतरणी नहर पर बने पुल पर ट्रेक्टर चढ़ाने के दौरान नाबालिग चालक ने अपना संतुलन खो दिया था और ट्रैक्टर को सीधे पानी से भरे गड्ढे में पलट दिया।ग्रामीणों ने सांसद से ट्रैक्टर मालिक के द्वारा नाबालिग से ट्रैक्टर चलवाने को लेकर ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उल्लेखनीय हो कि भरगामा के सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या 14 में अनियंत्रित ट्रैक्टर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई थी।जिसमें तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से कई मजदूर घायल हो गए।जिसमें से दो की हालत अभी भी नाजुक है।महिला मजदूर धान की रोपनी के लिए खेत की ओर ट्रैक्टर पर सवार होकर जा रहे थे।
मृतकों में सिरसिया कला वार्ड संख्या चार की मीरा देवी,नैया देवी और रंजू देवी शामिल है।सांसद ने हादसे के शिकार मृतक और घायल के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर