Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फतेहाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के उपमंडल टोहाना स्थित बिजली निगम कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के आरोप में दो कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई फतेहाबाद एसीबी के प्रभारी इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा अंजाम दी गई। विजिलेंस की इस औचक दबिश से पूरे बिजली निगम कार्यालय में हडक़ंप मच गया। एसीबी के प्रभारी इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में यूडीसी सत्यनारायण व क्लर्क विनोद कुमार है । मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपियों ने क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी एक उपभोक्ता से ट्यूबवेल कनेक्शन का नाम परिवर्तित करवाने की एवज में 12 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। उपभोक्ता रिश्वत देने का इच्छुक नहीं था, जिसके बाद उसने इसकी लिखित शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। शिकायत मिलने के तुरंत बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शिकायतकर्ता को पाउडर लगे हुए नोट देकर आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम आरोपियों को थमाई , वैसे ही पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने दोनों को मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने रुपयों की बरामदगी के बाद आरोपियों के हाथ धुलवाए तो उनके हाथ लाल हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अपने साथ फतेहाबाद ले गई है, जहां उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है। एसीबी टीम ने मौके से संबंधित सरकारी दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को भी अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एसीबी हिसार कार्यालय में मामला दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा