Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गोरखपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। साईं रविदास सिंधी समाज के महामंत्री एवं सक्रिय समाजसेवी देवा केशवानी के संयोजन में सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल का पावन पूज्य चालिहो महोत्सव 16 जुलाई 2026, गुरुवार से जटाशंकर स्थित पूज्य माता साहिब आश्रम में श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ प्रारंभ होगा।
महामंत्री देवा केशवानी ने मंगलवार काे बताया कि महोत्सव के प्रथम दिन प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक पूज्य मुखी साहबजनों, सिंधी समाज की विभिन्न पंचायतों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में अखंड ज्योति प्रज्वलन एवं पवित्र कलश स्थापना की जाएगी। इसके पश्चात भगवान श्री झूलेलाल की आरती, अरदास और पल्लव के साथ चालिहो साहब के चालीस दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सायंकाल 7 बजे से 8 बजे तक भगवान श्री झूलेलाल की आरती, भजन-कीर्तन, पंजड़ा, अरदास एवं पल्लव का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु भगवान झूलेलाल का स्मरण करते हुए विश्व कल्याण, सामाजिक सद्भाव, सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना के लिए प्रार्थना करेंगे।
देवा केशवानी ने गोरखपुर की समस्त सिंधी संगत, सभी पंचायतों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालु परिवारों से अपील की है कि वे 16 जुलाई को आयोजित अखंड ज्योति एवं कलश स्थापना कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर महोत्सव की भव्य शुरुआत के सहभागी बनें तथा भगवान श्री झूलेलाल का आशीर्वाद प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि पूज्य चालिहो महोत्सव केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सिंधी समाज की आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी कार्य करते हैं।
यह धार्मिक आयोजन पूज्य माता साहिब आश्रम परिवार, गोरखपुर की समस्त सिंधी पंचायतों एवं भक्तजन परिवारों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
उक्त जानकारी साईं रविदास सिंधी समाज के महामंत्री देवा केशवानी ने दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय