Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉलोनी में सोमवार को 22 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान श्रीराम कॉलोनी निवासी भगवानसिंह (22) पुत्र रामजीलाल कुशवाह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर टीनशेड के पाइप से गमछे का फंदा लगा लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसके काका को संदेह हुआ। उन्होंने युवक के पिता को बुलाया। दरवाजे के छेद से देखने पर भगवानसिंह फंदे पर लटका दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया है कि मृतक के पिता सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का पालन- पोषण करते हैं,जबकि भगवानसिंह फिलहाल कोई काम नहीं करता था। उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक