Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम बखेड़ में संचालित शराब दुकान पर रविवार देर रात गांव के तीन युवक जबरन दुकान में घुस गए और संचालक के भतीजे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सेमली थाना छापीहेड़ा हाल निवासी बखेड़ निवासी 24 वर्षीय अजय पुत्र सूरज तंवर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह शराब दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के राजा पुत्र कंवरलाल दांगी, विष्णू पुत्र मदनलाल दांगी और जगदीश पुत्र रामचंद्र दांगी जबरन दुकान के अंदर घुस आए। विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अजय के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित होने लगे। भीड़ जुटती देख आरोपित मौके से भाग निकले, लेकिन जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना मिलने पर खुजनेर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक