Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- बांध किनारे उतराता मिला शव, जेब में मिले कागज से हुई पहचान
मीरजापुर, 13 जुलाई (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के रामपुर ढबई गांव के सामने स्थित जरगो जलाशय में सोमवार शाम मछली पकड़ने गए एक अधेड़ की डूबने से मौत हो गई। देर शाम बांध के किनारे पानी में शव उतराता मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान नखड़ू (50) निवासी अहिरुपुर हरिजन बस्ती, सोनपुर क्षेत्र के रूप में हुई। बताया जाता है कि वह सोमवार को जरगो जलाशय में मछली पकड़ने गया था। शाम करीब छह बजे किरहिया पहाड़ी के पास बांध किनारे उसका शव पानी में उतराता दिखाई दिया। वहां पहुंचे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
प्रभारी थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को शव के पास बांध किनारे मछली पकड़ने का कटिया, जाल और कपड़े मिले। कपड़ों की तलाशी लेने पर जेब से एक कागज मिला, जिस पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। बाद में अहिरुपुर गांव के चौकीदार सुबास ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान नखड़ू के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों के आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा