Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की विजिलेंस टीम ने सोमवार को परिवहन विभाग से सेवानिवृत्त संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार को गिरफ्तार किया है। इसके बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक विजिलेंस बबिता सिंह ने बताया कि बीती सात और आठ जुलाई को एआरटीओ से रिटायर्ड ललित कुमार के अलीगंज स्थित आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान के नकदी, जेवर समेत करीब 35 करोड़ रुपये की काली कमाई के प्रमाण मिले थे। लखनऊ, नोएडा समेत कई जिलों में संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। सोमवार को टीम ने ललित कुमार को विजिलेंस मुख्यालय बुलाकर पूछताछ की। घर से बरामद कैश, सोना-चांदी और अन्य चीजों के बारे पूछताछ की, लेकिन सही जानकारी नहीं दे पाये। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस के बाद आयकर विभाग भी जांच की प्रक्रिया शुरु करेगा, जिसके लिए पूर्व रिटायर्ड अफसर को नोटिस भी चस्पा करेगा।
उल्लेखनीय है कि ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने पहले आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया था।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक