Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

औरैया, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र में 16 घंटे से लापता 12 वर्षीय किशोर का शव सोमवार दोपहर बंबे से बरामद होने पर इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना बेला क्षेत्र के बिलाहा गांव निवासी सोनू (12) पुत्र ओम बाबू पिछले तीन वर्षों से अपनी बुआ रेशमा पत्नी सुरेंद्र माथुर के घर रहकर प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। रविवार शाम वह गांव के पास बकरियां चराने गया था। देर शाम उसकी तीनों बकरियां तो घर लौट आईं, लेकिन सोनू वापस नहीं आया।
किशोर के घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार दोपहर करीब दो बजे गांव के पास बंबे में उसका शव पड़ा होने की सूचना मिली। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
परिजनों के मुताबिक, मृतक की बड़ी बहन सोनम (15) तथा उसकी मां मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बेहाल है।
सूचना पर पहुंची बेला पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि लापता किशाेर के बरामद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही माैत की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार