Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। सरकारी नौकरी, प्राइज मनी और समान सुविधाओं की मांग को लेकर राजस्थान के दो दर्जन से अधिक पैरालंपिक, पैरा एशियन गेम्स और राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी सोमवार को एसएमएस स्टेडियम में धरने पर बैठ गए। धरने में पैरालंपिक पदक विजेता मोना अग्रवाल सहित कई खिलाड़ी शामिल हुए। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सरकार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर रही है।
मोना अग्रवाल ने कहा कि आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के मामले में पैरा खिलाड़ियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। सामान्य वर्ग के पदक विजेता खिलाड़ियों को समय पर सरकारी नौकरी और अन्य सुविधाएं मिल रही हैं, जबकि पैरा खिलाड़ियों को वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब दोनों वर्ग के खिलाड़ी देश और प्रदेश के लिए पदक जीतते हैं तो सम्मान और सुविधाओं में भी समानता होनी चाहिए। खिलाड़ियों का आरोप है कि आउट ऑफ टर्न नियुक्तियों में देरी के साथ उन्हें अपेक्षाकृत कम महत्व के पदों की पेशकश की जाती है। साथ ही कई खिलाड़ियों को अब तक घोषित प्राइज मनी भी नहीं मिली है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धरने पर बैठे खिलाड़ियों ने सरकार से आउट ऑफ टर्न नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, लंबित प्राइज मनी का भुगतान करने तथा नौकरी, पद और अन्य सुविधाओं में पैरा खिलाड़ियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव समाप्त करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश