Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायगढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में एनएच-53 पर एक युवक से मारपीट कर मोबाइल, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज लूटने के मामले में पुलिस ने आज कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी, एटीएम कार्ड एवं अन्य दस्तावेज बरामद कर लिए हैं, वहीं वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम तेतला निवासी कमल प्रसाद जांगड़े ने 11 जुलाई को थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई की रात वह रायगढ़ से अपने घर लौट रहा था। रात करीब 10:20 बजे लोहरसिंह पेट्रोल पंप के आगे मां मंगला नर्सिंग कॉलेज के पास एनएच-53 पर बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवकों ने उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पास से ₹2,500 नकद, रियलमी पी2 प्रो मोबाइल, चार एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान चाणक्य शर्मा उर्फ दिलीप शर्मा (33 वर्ष), चन्द्रभानू साव (26 वर्ष) तथा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक के रूप में की।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी, लूटा गया रियलमी पी2 प्रो मोबाइल, ₹1,600 नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और चार एटीएम कार्ड बरामद किए गए। तहसीलदार पुसौर की उपस्थिति में कराई गई शिनाख्ती परेड में प्रार्थी ने तीनों की पहचान की।
पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 309(4) के अंतर्गत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर नायक, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय तथा आरक्षक कमलेश निराला की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में लूटपाट जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से ऐसे मामलों का शीघ्र खुलासा कर आरोपितों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान