Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोटा, 13 जुलाई (हि.स.)। । माल डिब्बा मरम्मत कारखाना, कोटा द्वारा महिला रेल कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण तथा कार्य-जीवन संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 जुलाई 2026 को अभेड़ा महल एवं बायोलॉजिकल पार्क में एक दिवसीय महिला सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया गया। कर्मचारी हितनिधि उपसमिति (एसबीएफ), कारखाना कोटा के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य कारखाना प्रबंधक सुधीर सरवरिया के निर्देशन में आयोजित इस शिविर के लिए महिला कर्मचारियों के दल को वर्क्स मैनेजर राजेश पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में जैव विविधता एवं विभिन्न वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा ऐतिहासिक अभेड़ा महल का अवलोकन कर उसकी स्थापत्य एवं सांस्कृतिक विरासत को जाना। इससे उन्हें प्रकृति और स्थानीय धरोहर से जुड़ने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में नृत्य, नींबू-चम्मच दौड़, रस्साकसी सहित विभिन्न मनोरंजक एवं समूह गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं ने महिला कर्मचारियों में टीम भावना, आत्मविश्वास और आपसी समन्वय को प्रोत्साहित किया। साथ ही, दैनिक कार्यों की व्यस्तता से अलग एक सकारात्मक एवं तनावमुक्त वातावरण में समय बिताने का अवसर मिला, जिससे प्रतिभागियों ने स्वयं को अधिक ऊर्जावान और उत्साहित महसूस किया।
समापन समारोह में सहायक कार्मिक अधिकारी सी. एल. बैरवा ने सभी प्रतिभागियों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन महिला कर्मचारियों के कल्याण, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। इस अवसर पर एसबीएफ समिति एवं ओबीसी एसोसिएशन के प्रतिनिधि नीरज, मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक नरेंद्र सिंह सिकरवार तथा कर्मचारी कल्याण निरीक्षक एवं सचिव, कर्मचारी हितनिधि उपसमिति, कारखाना कोटा प्रेम सिंह कोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव