Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिरसा, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के रानियां कस्बे में अनियंत्रित मोटरसाइकिल सडक़े किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव सैनपाल कोठा निवासी देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। सिरसा के नागरिक अस्पताल में सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि देवेंद्र कुमार रविवार रात को खेत में पानी लगाने के लिए जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक अंनियत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल देवेंद्र को अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार शव पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है।
उधर, जिले के गांव मसीतां में मायके आई एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतका के पिता गुरवचन सिंह ने पुलिस को बताया कि ऊषा रानी पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी और इसी कारण मायके आई हुई थी। ऊषा ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का डबवाली के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma