Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू,, 13 जुलाई (हि.स.)।
'नशा मुक्त अभियान' के तहत नशा तस्करों के खिलाफ जारी अभियान में जम्मू (ग्रामीण) पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगरोटा थाना पुलिस ने बन टोल प्लाजा पर नाका जांच के दौरान दो अंतर-जिला ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन जैसा पदार्थ (चिट्टा) बरामद किया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक लग्जरी सेडान कार भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 12/13 जुलाई की दरम्यानी रात बान टोल प्लाजा पर वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार में सवार दोनों आरोपियों के कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान खान पुत्र नजीर अहमद, निवासी खेरी लारे, उधमपुर, और सुनील कुमार पुत्र बिट्टू राम, निवासी बाली मोड़, उधमपुर के रूप में हुई है।
इस संबंध में नगरोटा थाना में एफआईआर संख्या 176/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22/25/29 में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस नशा तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के संबंधों की जांच कर रही है तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जम्मू (ग्रामीण) पुलिस ने लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता