अपराध और राजनीति का गठजोड़ आम लोगों के लिए खतरनाक : सरयू
पूर्वी सिंहभूम, 13 जुलाई (हि.स.)। विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र में अपराध और राजनीति के कथित गठजोड़ के दोबारा सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए इसे शहर के लिए गंभीर चुनौती बताया है। सोमवार को जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि इस गठजोड़ के खिलाफ निर
विधायक सरयू राय की फाइल फोटो


पूर्वी सिंहभूम, 13 जुलाई (हि.स.)। विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र में अपराध और राजनीति के कथित गठजोड़ के दोबारा सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए इसे शहर के लिए गंभीर चुनौती बताया है। सोमवार को जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि इस गठजोड़ के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू हो चुकी है और इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।

सरयू राय ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए भ्रामक खबरें फैलाकर इस नेटवर्क ने अपनी मौजूदगी का संकेत देना शुरू किया था, लेकिन अब इसकी गतिविधियां खुलकर सामने आने लगी हैं। उनका दावा है कि वह वर्ष 2005 से इस पूरे नेटवर्क की कार्यशैली पर नजर रखे हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अपराधी सार्वजनिक स्थानों पर मंत्री और विधायकों के साथ तस्वीर वाले पोस्टर लगाकर लोगों के बीच यह संदेश देने का प्रयास करते रहे हैं कि उन्हें सत्ता का संरक्षण हासिल है। राय ने यह भी कहा कि कांग्रेस के एक युवा नेता की पहचान का इस्तेमाल करते हुए कृष्णा नगर, गुरुद्वारा बस्ती और पारस नगर जैसे इलाकों में कम उम्र के युवाओं को प्रभावित कर उन्हें अपराध की राह पर ले जाने और गिरोह के लिए नया मानवबल तैयार करने की कोशिश की जाती रही है।

विधायक ने कहा कि नवंबर 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद यह गिरोह निष्क्रिय हो गया था, लेकिन मानगो नगर निगम चुनाव के बाद इसकी गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं। उनका आरोप है कि पूरे मानगो नगर निगम क्षेत्र में दोबारा नेटवर्क खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है।

सरयू राय ने कहा कि अब स्थिति यह है कि अपराधियों का नाम लेने पर उनके समर्थक विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और तस्वीरों के अपमान जैसी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। उनके अनुसार, मानगो को अपराधियों का नया ठिकाना बनाने की कोशिश की जा रही है, जिससे आम लोगों में भय का वातावरण बन रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक