Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चतरा, 13 जुलाई (हि.स.)। जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव ने सोमवार को टंडवा-पिपरवार मार्ग स्थित पांडेय मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एसएलडी (स्पीड लिमिट डिवाइस) स्पीड गवर्नर की जांच की गई। निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर 16 कोल वाहनों पर कुल 59,500 रूपये का जुर्माना लगाया गया।
जांच के दौरान करीब 40 वाहन मालिक मौके पर पहुंचे और लगाए जा रहे जुर्माने का विरोध किया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने उन्हें बताया कि जिला सड़क सुरक्षा समिति की ओर से कोल एवं फ्लाई ऐश परिवहन में लगे वाहनों की अधिकतम गति सीमा 40 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है और सभी वाहनों में एसएलडी-स्पीड गवर्नर लगाना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने वाहन मालिकों को अविलंब स्पीड गवर्नर लगाने का निर्देश दिया। इधर, बेलगाम कोल वाहनों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप है। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे इस अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी