Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- उलीडीह पुलिस की कार्रवाई, आदित्यपुर से नशीला पदार्थ लाकर बेचने की तैयारी में था आरोपित
पूर्वी सिंहभूम, 13 जुलाई (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए उलीडीह ओपी क्षेत्र से एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिक्री के लिए रखी गई 50 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया है कि वह सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर से मादक पदार्थ लाकर जमशेदपुर में बेचने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-33 स्थित सुवर्णरखा आवासीय शिविर मैदान में एक युवक ब्राउन शुगर की बिक्री के उद्देश्य से मौजूद है। सूचना के आधार पर पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 50 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन 2.48 ग्राम पाया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 31 वर्षीय आशीष विशोई के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह आदित्यपुर क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर स्थानीय स्तर पर उसकी बिक्री करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके संबंध किन बड़े मादक पदार्थ तस्करों से हैं और जमशेदपुर में वह किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करने वाला था।
इस संबंध में उलीडीह ओपी में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है तथा इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।
इस छापेमारी अभियान में डीएसपी दयानंद कुमार के साथ उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली, उपनिरीक्षक रविन्द्र पाण्डेय, अभिषेक कुमार, विजय कुमार, विवेक पाल, सहायक उपनिरीक्षक अखिलेश प्रसाद तथा उलीडीह ओपी के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक