Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 13 जुलाई (हि.स.)।
शहर में बढ़ते अपराध, कानून-व्यवस्था की स्थिति और भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को लेकर सोमवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर का प्रतिनिधिमंडल सांसद विद्युत वरण महतो के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ एहतेशाम वकारिव से मिला। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि हाल के दिनों में शहर में हत्या, लूट, चोरी, छिनतई सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। सांसद विद्युत वरण महतो ने विशेष रूप से मानगो डिमना रोड पर एक ही रात में नौ दुकानों में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
प्रतिनिधिमंडल ने ०3 जुलाई को आयोजित जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी का भी मुद्दा उठाया। भाजपा नेताओं का कहना था कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध के बावजूद गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिसकी निष्पक्ष समीक्षा कर निराधार आरोपों को हटाया जाना चाहिए।
इसके अलावा, गोलमुरी थाना में दर्ज उस मामले पर भी आपत्ति जताई गई जिसमें कन्हैया यादव हत्याकांड के बाद लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचीं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के साथ मौजूद भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष बैजनाथ उपाध्याय (पप्पू उपाध्याय) और कार्यकर्ता हरेराम यादव को भी आरोपी बनाया गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने इसे अनुचित बताते हुए निष्पक्ष जांच कर निर्दोष लोगों को राहत देने की मांग की।
एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी तथा विधिसम्मत जांच सुनिश्चित की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जिला मंत्री तन्मय झा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक