Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



रामगढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित चितरपुर के शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई चर्चित लूटकांड का पुलिस ने पूर्ण खुलासा करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। लगभग तीन महीने तक लगातार चलाए गए छापेमारी अभियान के बाद पुलिस ने पूरे गिरोह को दबोच लिया। आरोपितों के कब्जे से कुल 765 ग्राम सोना, तीन किलोग्राम चांदी, दो पिस्तौल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कई वाहन बरामद किए गए हैं।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 21 अप्रैल को रजरप्पा मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर अवस्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में सशस्त्र डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन कर लगातार छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि घटना के तीन दिन बाद 24 अप्रैल को पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद 10 मई को दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस की लगातार दबिश के कारण गिरोह का सदस्य विभाष पासवान उर्फ मृगेंद्र पासवान ने 16 जून को रामगढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
एसपी ने बताया कि 8 जुलाई को विभाष पासवान और शाहनवाज अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखे गए नौ ग्राम सोने तथा 80 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इसके बाद 12 जुलाई को मामले के प्राथमिकी अभियुक्त शमशेर आलम को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का एक पिस्तौल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, 370 ग्राम सोने के आभूषण तथा 160 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि इस लूटकांड की पूरी साजिश विभाष पासवान, सुभानी अंसारी और शमशेर आलम ने मिलकर रची थी। विभाष पासवान मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, जबकि उसका ठिकाना जमशेदपुर में भी है। सुभानी अंसारी रामगढ़ जिले का निवासी है और शमशेर आलम रामगढ़ थाना क्षेत्र के फूलसराय गांव का रहने वाला है। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने आपस में लूटे गए जेवरों का बंटवारा कर लिया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार शमशेर आलम एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में डकैती, लूट और चोरी सहित कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों और इसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
प्रेसवार्ता में रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश