Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर स्टेशन से इंदौर जाने वाली ओवरनाइट एक्सप्रेस में महिला यात्री से मंगलसूत्र झपटने की घटना का जीआरपी जबलपुर ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया सोने का सामान भी बरामद कर लिया है।
जीआरपी प्रभारी संजीवनी राजपूत ने सोमवार को बताया कि पीड़ित महिला जबलपुर से भोपाल की यात्रा कर रही थी। रविवार देर रात ट्रेन के जबलपुर स्टेशन से रवाना होते ही एक अज्ञात युवक ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गया। महिला की शिकायत पर जीआरपी थाना जबलपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेल सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल भावना मरावी एवं पुलिस उपाधीक्षक रेल अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मक्का नगर गली नंबर-5, थाना हनुमानताल निवासी 21 वर्षीय सोहित उर्फ शाहिद अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक सोने का पेंडेंट और सोने की चार गुरियां बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत 35,500 रुपये बताई गई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जीआरपी संजीवनी राजपूत, एएसआई गोपाल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा, अरुण तिवारी, सत्येंद्र सिंह, रविकांत रजक, ओमप्रकाश तथा आरक्षक परशुराम, गोपाल उमेश के साथ आरपीएफ के आरक्षक हरिकेश और प्रेम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक