Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उरई, 13 जुलाई (हि. स)। कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कानाखेड़ा निवासी विवाहिता सीता ने अपने पति सहित सात ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और हत्या का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह को शिकायती पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि उसकी शादी 10 जुलाई 2024 को थाना कैलिया क्षेत्र के ग्राम फुलैला निवासी सोनू उर्फ नरेन्द्र प्रताप सिंह के साथ हुई थी। विवाह में पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया, लेकिन ससुराल पक्ष बुलेट बाइक, एक तोला सोने की चेन और दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करता रहा।
मांग पूरी न होने पर पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी समेत अन्य परिजनों ने उसके साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया। शिकायत में आरोप है कि 30 जून 2026 के बाद विवाद और बढ़ गया तथा आरोपितों ने विवाहिता का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। बेहोश होने पर उसे फांसी लगाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। बाद में गंभीर हालत में जिला अस्पताल उरई और फिर झांसी के निजी अस्पताल में उसका उपचार कराया गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि थाना कैलिया में शिकायत देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। पूरे प्रकरण में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने संबंधित थाना प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा