Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने वर्ष 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में पूर्व आम आदमी पार्टी पार्षद ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने का स्वागत किया। उन्होंने इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कई ऐसे लोगों से संबंध रहे हैं, जिनके नाम विभिन्न मामलों में सामने आते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2020 के दिल्ली दंगों में ताहिर हुसैन इसका प्रमुख उदाहरण हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली दंगों के एक अन्य आरोपी खालिद सैफी भी इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के दौरान अरविंद केजरीवाल की टीम के साथ कार्य कर चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2023 तक, जब दिल्ली उच्च न्यायालय ने टिप्पणी की, तब तक दिल्ली सरकार ने दंगों के एक अन्य अन्य आरोपी उमर खालिद से जुड़े मामलों में नरम रुख अपनाया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2015 से 2024 के बीच, विशेषकर नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) विरोधी आंदोलन के दौरान, उन पर भीड़ को भड़काने के आरोप लगते रहे हैं।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार अरविंद केजरीवाल पर ताहिर हुसैन, अमानतुल्लाह खान, उमर खालिद और खालिद सैफी जैसे लोगों को संरक्षण देने का आरोप लगाती रही है। उन्होंने कहा कि अब जब अंकित शर्मा हत्या मामले में ताहिर हुसैन को दोषी ठहराया गया है, तो अरविंद केजरीवाल को जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी