Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 13 जुलाई (हि.स.)। दुर्गापुर में सोमवार को राज्यसभा की तृणमूल कांग्रेस सांसद दोला सेन को भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। दोला सेन केंद्रीय इस्पात मंत्री से मुलाकात करने के लिए इस्पात नगरी स्थित दुर्गापुर हाउस पहुंची थीं।
बैठक समाप्त होने के बाद जब वह दुर्गापुर हाउस से बाहर निकलीं, तभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे लहराते हुए चोर-चोर के नारे लगाए। घटना के कारण कुछ समय के लिए दुर्गापुर हाउस के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और हालात पर नजर रखी गई।
भाजपा कार्यकर्ता जयदीप बनर्जी ने कहा कि तृणमूल के श्रमिक संगठन के भ्रष्ट नेता भाजपा के करीब आने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के विरोध में हमने दोला सेन को काले झंडे दिखाए। दोला सेन भ्रष्ट तृणमूल नेताओं से जुड़ी हुई हैं।
खबर लिखे जाने तक इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा