Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


- बीकेयू राजेवाल ने दी चेतावनी, समझौता हुआ तो देशभर में होगा विरोध
चंडीगढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन राजेवाल ने सोमवार को चंडीगढ़ में मोटरसाइकिल रैली निकाली। किसानों ने केंद्र सरकार की व्यापार नीतियों का विरोध करते हुए चेतावनी दी कि यदि यह समझौता लागू किया गया तो देशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
किसान मोहाली के फेज-8 से चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित प्रदर्शनी मैदान तक रैली के रूप में पहुंचे। प्रदर्शन के चलते चंडीगढ़ में कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और पुलिस को कई जगह ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पाबंदियां लगाई गई थीं। किसान नेताओं ने दावा किया कि यदि यह समझौता लागू हुआ तो भारत में कृषि उत्पादों, दालों, फलों, सब्जियों और खाद्य पदार्थों की बड़े पैमाने पर आवक हो सकती है, जिससे किसानों की आय और कृषि अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी।
प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की व्यापार नीतियां किसानों और डेयरी क्षेत्र के हितों के खिलाफ हैं और इनसे बहुराष्ट्रीय कंपनियों को लाभ मिलेगा। किसानों का कहना है कि अमेरिकी किसानों को सरकार से बड़े स्तर पर आर्थिक सहायता मिलती है और वे बड़े पैमाने पर खेती करते हैं, जबकि भारत में अधिकतर किसान छोटे जोत वाले हैं। ऐसे में भारतीय किसानों के लिए अमेरिकी कृषि उत्पादों से मुकाबला करना मुश्किल होगा।
बीकेयू राजेवाल के अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि यदि अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए तो उसी दिन पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को पंजाब में प्रस्तावित समझौते के विरोध में सड़क टोल दो घंटे के लिए मुफ्त करवाए जाएंगे। राजेवाल ने कहा कि किसानों के कुछ मुद्दे केंद्र सरकार से जुड़े हैं, जबकि कुछ राज्य सरकार से संबंधित हैं। उन्होंने पंजाब में गिरते भूजल स्तर और जलवायु परिवर्तन के कारण कृषि के सामने बढ़ रही चुनौतियों पर भी चिंता जताई।
प्रदर्शन के दौरान चंडीगढ़ के सेक्टर-43, सेक्टर-35, सेक्टर-34, अटावा चौक और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रदर्शनकारियों के काफिले को निर्धारित मार्गों से आगे बढ़ाया और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH