मेरे बेटे का टिकट काट दो, लेकिन बुंदेलखंड राज्य दे दो : गंगाचरण राजपूत
उरई, 13 जुलाई (हि.स.)। बुंदेलखंड राज्य के गठन की मांग को लेकर पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत सोमवार को जालौन पहुंचे। उन्होंने उरई स्थित जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं से मुलाकात कर बुंदेलखंड राज्य निर्माण के समर्थन में एकजुट होने की अपील की। इस दौ
पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत


उरई, 13 जुलाई (हि.स.)। बुंदेलखंड राज्य के गठन की मांग को लेकर पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत सोमवार को जालौन पहुंचे। उन्होंने उरई स्थित जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं से मुलाकात कर बुंदेलखंड राज्य निर्माण के समर्थन में एकजुट होने की अपील की। इस दौरान उन्होंने आम जनता से भी इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

बुंदेलखंड राज्य बनाओ मोर्चा के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में गंगाचरण राजपूत ने केंद्र और प्रदेश सरकार से अलग बुंदेलखंड राज्य के गठन की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र वर्षों से विकास की उपेक्षा का शिकार रहा है और अब यहां के लोगों का धैर्य जवाब दे चुका है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, बहुत सहा है, अब नहीं सहेंगे। बुंदेलखंड लेकर रहेंगे। बुंदेलखंड नहीं तो वोट नहीं, बुंदेलखंड दो और वोट लो।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा, मेरे बेटे का टिकट काट दो, लेकिन बुंदेलखंड दे दो। इनके बेटे भाजपा से विधायक हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए सत्ता या पद से अधिक महत्वपूर्ण बुंदेलखंड के लोगों का सम्मान और क्षेत्र का विकास है। कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों से उन्होंने बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को जन-जन तक पहुंचाने और इस आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा