Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अशोकनगर, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर पुलिस ने शहर में संचालित कथित अनैतिक देह व्यापार के एक ठिकाने पर कार्रवाई करते हुए सास-दामाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों न केवल देह व्यापार का संचालन कर रहे थे, बल्कि लोगों को कथित रूप से हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और संपत्ति हड़पने के मामलों में भी संलिप्त हैं।
पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने सोमवार को बताया कि मुंगावली एसडीओपी सनव बी. खान और कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दीपेश यादव कॉलोनी स्थित सीमा अहिरवार के मकान पर छापामार कार्रवाई की। मौके से मुख्य आरोपित सीमा अहिरवार और उसके दामाद भारत अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दामाद इस पूरे नेटवर्क में एजेंट की भूमिका निभा रहा था।
कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं और छह पुरुषों को भी संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मौके से 2.10 लाख रुपये नकद तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य महिला आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उससे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाने का आरोप
छापे की कार्रवाई के बाद कोतवाली थाने में ब्लैकमेलिंग का एक अलग मामला भी दर्ज किया गया। कारोबारी विक्रांत जैन की शिकायत पर पुलिस ने सीमा अहिरवार, उसकी बेटी अंजलि अहिरवार और दामाद भारत अहिरवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) और 308(6) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने कथित तौर पर पीड़ित को अपने जाल में फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने, सामाजिक बदनामी करने तथा झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने और आत्महत्या का आरोप लगाने की धमकी देकर उससे कई प्लॉट अपने नाम करवा लिए। आरोप है कि इसी दबाव में पीड़ित से एक अर्टिगा कार भी खरीदवाई गई।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी अंजलि अहिरवार की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार