Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हुगली, 13 जुलाई (हि. स.)। आगामी रथयात्रा महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को आरामबाग थाने में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरामबाग के एसडीपीओ संदीप नंदी, थाना प्रभारी सुमित तालुकदार तथा थाना क्षेत्र की विभिन्न रथयात्रा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में रथयात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जनसुरक्षा तथा अन्य प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान प्रशासन ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि रथयात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के डीजे साउंड सिस्टम के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। तेज आवाज में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ संदीप नंदी ने सभी रथयात्रा समिति के प्रतिनिधियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी के सहयोग से रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
बैठक में उपस्थित रथयात्रा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने बताया कि रथयात्रा के दौरान आरामबाग शहर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय