Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 13 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिले की चच्योट तहसील के ग्राम सरांडी (डडोह) के निवासी और पेशे से मिस्त्री का काम करने वाले दिहाड़ी मजदूर इंद्र सिंह, जो दो महीने पहले एक तीन मंजिला मकान से गिरकर गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे, ने सोमवार सुबह मंडी सर्किट हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से मुलाकात कर आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। एक दर्दनाक हादसे में दोनों पैर फ्रैक्चर होने के कारण पूरी तरह चलने-फिरने में असमर्थ हो चुके इंद्र सिंह की दयनीय स्थिति को देखते हुए जयराम ठाकुर ने अद्वितीय संवेदनशीलता और जनता के प्रति गहरा स्नेह दिखाया। वे तुरंत सर्किट हाउस से नीचे उतरकर पीड़ित की गाड़ी के पास पहुंचे और अंदर बैठकर उनकी पूरी व्यथा सुनी।
घर के मुख्य कमाऊ सदस्य इंद्र सिंह ने बताया कि एम्स बिलासपुर में हुए इलाज और सर्जरी में 1 लाख रुपये से अधिक का खर्च होने के कारण उनका गरीब परिवार भारी कर्ज के बोझ तले दब गया है और अब आगे की दवाइयों का खर्च उठाना उनके सामर्थ्य से बाहर है।
उन्होंने जयराम ठाकुर को प्रार्थना पत्र सौंपकर इलाज के बिलों के भुगतान के लिए 'मुख्यमंत्री राहत कोष' से तुरंत वित्तीय सहायता जारी करने तथा डॉक्टरों द्वारा आजीविका के लिए असमर्थ घोषित किए जाने के कारण 'सहारा योजना' के तहत आजीवन मासिक पेंशन प्रदान करने की मांग की। पीड़ित के मेडिकल बिलों का अवलोकन करने के बाद भावुक हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए विश्वास दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं तथा सरकार एवं सामाजिक दोनों स्तरों पर हरसंभव सहायता जल्द से जल्द सुनिश्चित कराएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चिकित्सा कोष इसलिए ही बना होता है और इस केस को सरकार के ध्यान में लाकर मदद करने को कहा जाएगा। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार की अपनी ओर से भी मदद की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा