Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) मंगलवार से दिल्ली के 250 वार्डों में हनुमान चालीसा पाठ के साथ राम आरती और हनुमान आरती का आयोजन करेगी। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मंगलवार से दिल्ली के सभी वार्डों में हनुमान चालीसा का पाठ होगा और भगवान राम तथा हनुमान जी की आरती गाई जाएगी। इसके बाद लोगों के साथ अयोध्या के श्री राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी और उसे बचाने की कोशिशों पर चर्चा की जाएगी और प्रधानमंत्री को पत्र लिखा गया है, उस पर हस्ताक्षर कराकर 250 वार्डों में एक सिग्नेचर कैंपेन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हर वार्ड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में वहां के स्थानीय नेता, विधायक, पार्षद और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी ने रविवार को रोहिणी सेक्टर 10 स्थित जापानी पार्क में सुंदरकांड पाठ और राम हनुमान जी की आरती के बाद देशव्यापी सिग्नेचर कैंपेन की शुरुआत की है। अब यह कार्यक्रम पूरे देश में आम आदमी पार्टी के नेता अपने-अपने राज्य में करेंगे। इसी कड़ी में मंगलवार को दिल्ली में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में एक साथ 250 वार्डों में हनुमान चालीसा, आरती और सिग्नेचर कैंपेन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी