Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



झाबुआ, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश का झाबुआ नगर, सकल व्यापारी संघ के आव्हान पर सोमवार को बंद रहा। नगरपालिका झाबुआ द्वारा स्थानीय बस स्टेंड स्थित नगरपालिका की तेरह दुकानों को रिक्त कराए जाने संबंधी नोटिस जारी किए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ा, और उनके समर्थन में झाबुआ नगर के सकल व्यापारी संघ द्वारा नगर बंद का आव्हान किया गया था। व्यापारी संघ के आव्हान पर नगर के व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखी और जिलाधीश कार्यालय पहुंचकर वहां ज्ञापन दिया।
इधर जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर रास्ते पर पुलिस द्वारा बेरिकेट्स लगाकर ज्ञापन देने गए व्यापारियों को रोक दिया गया था, किंतु व्यापारीगण गेट पर जाकर कलेक्टर को ज्ञापन देने हैतु काफी देर तक नारेबाजी करते हुए जद्दोजहद करने लगे, अंततः अनुविभागीय दंडाधिकारी झाबुआ को कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
दूसरी तरफ इस मुद्दे को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष द्वारा रविवार शाम प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर पत्रकारों को बताया गया कि नगर के बस स्टेंड को सुंदर स्वरूप दिए जाने के उद्देश्य से तेरह पुरानी दुकानों के स्थान पर नव निर्मित दुकानें निर्माण किया जाना है, इसीलिए दुकानदारों को दुकानें रिक्त किए जाने हेतु नोटिस दिए गए, जो कि 2018 में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल में परिषद द्वारा पारित प्रस्ताव के अनुरूप है, किंतु नगर के व्यापारियों द्वारा इसे लेकर बेवजह मुद्दा बनाया जा रहा है। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष द्वारा यह भी कहा गया कि नये निर्माण के बाद नव निर्मित दुकानों के आबंटन में उक्त तेरह दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा