Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

टोरंटो, 12 जुलाई (हि.स.)। कनाडा के टोरंटो शहर में शनिवार शाम आयोजित 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद संदिग्ध फरार है और उसकी तलाश जारी है।
रूस की अंतरराष्ट्रीय मीडिया रूस टुडे (आरटी) और अन्य मीडिया के अनुसार, टोरंटो पुलिस ने बताया कि रात करीब 8:12 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंग्टन एवेन्यू के पास गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को मृत पाया, जबकि छह घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में पांच लोगों को गोली लगी है, जबकि एक अन्य व्यक्ति अन्य चोटों के कारण घायल हुआ।
घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और आपातकालीन सेवाओं के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
वहीं, प्रेसवार्ता में टोरंटो पुलिस के डिप्टी चीफ फ्रैंक बैरेडो ने बताया कि शुरुआती सूचना के आधार पर इसे एक्टिव शूटर की घटना माना गया था, लेकिन जांच में सामने आया कि यह अंधाधुंध गोलीबारी नहीं थी। उनके मुताबिक, कुछ लोगों के बीच हुई गोलीबारी के आदान-प्रदान में यह घटना हुई।
बैरेडो ने कहा कि मामले की जांच जटिल है क्योंकि घटना से जुड़े तीन अलग-अलग स्थानों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से हथियार बरामद किए गए हैं, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उन्होंने तीन गोलियों की आवाज सुनी, जिसके बाद लोग चीखते हुए भागने लगे। दूसरे प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि वह फेस्टिवल के साल्सा स्टेज पर मौजूद थीं। अचानक लोगों की भीड़ स्टेज की ओर भागने लगी और कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। उन्होंने पैरामेडिक्स को एक घायल व्यक्ति को सीपीआर देते हुए भी देखा। तीसरे प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पहले उन्हें आतिशबाजी जैसी आवाज सुनाई दी, लेकिन जल्द ही लोगों को भागते देख उन्हें स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ। उन्होंने बताया कि दूसरी बार गोलियों की आवाज सुनने के बाद वह अपनी जान बचाने के लिए एक कार के नीचे छिप गईं।
गोलीबारी के बाद 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' फेस्टिवल को रोक दिया गया। यह दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव संगीत, नृत्य, भोजन और कला के माध्यम से लैटिनो संस्कृति का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया जाता है और इसमें हर साल बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और संदिग्ध की तलाश के लिए इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो पुलिस से संपर्क करें।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी