मध्य प्रदेश में अगले चार दिन हल्की बारिश की संभावना, आज 27 जिलों में बूंदाबांदी का अलर्ट
- भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन में बढ़ेगा तापमान भोपाल, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। रविवार को इंदौर सहित
मौसम (फाइल फोटो)


- भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन में बढ़ेगा तापमान

भोपाल, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। रविवार को इंदौर सहित 27 जिलों में बूंदाबांदी और कहीं-कहीं आंधी के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन संभाग में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भिंड, दतिया, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, खरगोन, धार, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है।

इसके विपरीत ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, जबलपुर, कटनी, उमरिया, भोपाल, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर और नीमच में मौसम सामान्य और साफ रहने का पूर्वानुमान है।

प्रदेश में पिछले तीन दिनों से तेज बारिश का दौर थमा हुआ है। इसका असर तापमान पर भी देखने को मिला है। शनिवार को अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि उमस ने भी लोगों को परेशान किया।

इस वर्ष जून महीने में लगातार आंधी और बारिश का दौर रहने के बावजूद प्रदेश में सामान्य से 30 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी। हालांकि जुलाई के शुरुआती नौ दिनों में हुई बारिश ने न केवल इस कमी को पूरा किया, बल्कि सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक वर्षा का आंकड़ा भी पार कर लिया।

बीते तीन दिनों से बारिश कम होने के कारण यह बढ़त घटकर 8 प्रतिशत रह गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक औसतन 9.4 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जबकि इस अवधि तक सामान्य रूप से 8.7 इंच वर्षा होनी चाहिए थी। इस आधार पर मध्य प्रदेश में अब तक सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक, यानी सीजन के निर्धारित कोटे की लगभग 25 प्रतिशत बारिश हो चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत