Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 11 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के आरोप में कोलकाता पुलिस के दो उपायुक्त (डीसी) स्तर के अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
लालबाजार सूत्रों के अनुसार, उपायुक्त (नॉर्थ-3) बिधान साहा और उपायुक्त (पोर्ट-2) पार्थ प्रतिम दास के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने सोशल मीडिया खातों पर मुख्यमंत्री और राज्य सरकार से संबंधित विवादित एवं कथित आपत्तिजनक सामग्री साझा की थी।
सूत्रों के मुताबिक, पार्थ प्रतिम दास ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के विरोध में एक विवादित वीडियो पोस्ट किया था। वहीं, बिधान साहा पर भी इसी प्रकार की सामग्री साझा करने का आरोप है।
बताया गया है कि कोलकाता पुलिस आयुक्त ने इससे पहले सभी पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी थी। परामर्श में कहा गया था कि प्रशासन से जुड़े किसी भी भ्रामक या अनुचित संदेश का समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इसी मामले में प्रारंभिक जांच के बाद दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर