Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वॉशिंगटन, 11 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने हाल ही में वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में अपना नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिसमें उनकी शारीरिक स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से एक बार फिर संज्ञानात्मक (कॉग्निटिव) परीक्षण कराया और उसमें सभी सवालों के सही उत्तर दिए।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा कि उन्होंने अभी-अभी परफेक्ट फिजिकल पूरा किया है। उनके अनुसार, वह हर छह महीने में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार भी उन्होंने स्वेच्छा से एक और कॉग्निटिव टेस्ट देने का अनुरोध किया।
80 वर्ष के ट्रंप ने दावा किया कि वह ऐसे एकमात्र अमेरिकी राष्ट्रपति हैं जिन्होंने अब तक तीन बार कॉग्निटिव टेस्ट कराया है और हर बार सभी प्रश्नों के सही उत्तर देकर परीक्षा उत्तीर्ण की है।
हालांकि, ट्रंप ने अपनी पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि यह स्वास्थ्य परीक्षण किस तारीख को कराया गया था और न ही व्हाइट हाउस की ओर से जांच की विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट या आधिकारिक निष्कर्ष सार्वजनिक किए गए हैं।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय