Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 11 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र में भारी बारिश के बाद हुए नुकसान को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के विधायक जयंत पाटिल ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हमारा विकास कुछ जगहों पर बाढ़ के पानी में खेलता हुआ, सड़कों के गड्ढों में तैरता हुआ और लैंडस्लाइड पर फिसलता हुआ नजर आ रहा है।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 'मिसिंग लिंक' प्रोजेक्ट पर लैंडस्लाइड का ज़िक्र करते हुए पाटिल ने परियोजना की गणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों के क्लाइमेट चेंज की चेतावनी के बावजूद बड़े प्रोजेक्ट्स का 'क्लाइमेट ऑडिट' क्यों नहीं किया गया। उन्होंने वारकरियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि भारी बारिश से मुंबई, रायगढ़, कोल्हापुर, सांगली, सातारा, ठाणे और आलंदी समेत कई इलाकों में जान-माल का नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई में कंक्रीटिंग से पेड़ों की जड़ें कमजोर हो रही हैं और इस वजह से पेड़ गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार