Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


धर्मशाला, 09 जून (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर ने वाहन चोरी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत दो अलग-अलग मामलों में पंजाब से एक मोटरसाइकिल और एक बोलेरो पिक-अप गाड़ी बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में शिकायतकर्ता जहीर खान निवासी बासा लोकरा, नूरपुर ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल नंबर एचपी 97-9166 नूरपुर कोर्ट परिसर के बाहर से चोरी हुई थी, जिस संबंध में थाना नूरपुर में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमृतसर (पंजाब) में पीरू शाह दरगाह के पास दबिश दी। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर मुख्य आरोपी सनी शर्मा, पुत्र अशोक शर्मा, निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं दूसरे मामले में चोरी की गई बोलेरो पिक-अप गाड़ी को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। दूसरे मामले में बीते 4 अप्रैल 2026 को सदवा क्षेत्र के गुरचाल से गायब हुई एक बोलेरो पिक-अप गाड़ी नंबर एचपी22ए2330 को नूरपुर पुलिस ने पंजाब के रानीपुर शाहपुर कंडी क्षेत्र से बरामद किया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गाड़ी को उसके वास्तविक मालिक के सुपुर्द कर दिया गया है। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई और जांच अमल में लाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया