Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर पचोर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, इस हादसे में बाइस सवार युवक की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच ग्राम दुल्तारिया जोड़ के समीप हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरने के बाद वाहन के नीचे फंस गया और करीब 50 मीटर तक घिसटता रहा। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पचोर थानाप्रभारी शकुंतला बामनिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर भीड़ को हटाया तथा सड़क पर बिखरे शव के अवशेषों को एकत्र कर शव को पचोर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने घटनास्थल से मिली बाइक क्रमांक एमएच-39-एएल-9809 के आधार पर मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए। जांच में सामने आया कि बाइक महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के तलोदा क्षेत्र में पंजीकृत है। बाद में मृतक की पहचान 35 वर्षीय फूंगा पुत्र नाना पाडरी निवासी गोपालूर, तालुका रुलोदा के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक इंदौर से ग्वालियर की ओर जा रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा परिजनों को सूचना देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक