Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धौलपुर, 07 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में रविवार को धौलपुर पुलिस एवं 6वीं बटालियन आरएसी द्वारा संयुक्त रूप से संडे ऑन साइकिल अभियान के अंतर्गत साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
कमांडेंट 6वीं बटालियन आरएसी धौलपुर सीताराम प्रजापति, डिप्टी कमांडेंट सुरेश सांखला एवं वृत्ताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्णराज जांगिड ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, बदलती जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच साइकिलिंग एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्प के रूप में उभरकर सामने आई है। संडे ऑन साइकिल अभियान का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नियमित व्यायाम एवं फिटनेस के प्रति प्रेरित करना, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए जागरूक करना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। अभियान के दौरान प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा यातायात नियमों की पालना करने का संदेश दिया गया। साइकिल रैली पुलिस लाइन धौलपुर से जगदीश तिराहा, गुलाब बाग एवं सब्जी मंडी होते हुए आरएसी लाइन तक पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, आरएसी जवानों, युवाओं, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने धौलपुर को फिट, हरित एवं जागरूक जिला बनाने का संकल्प भी लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप