Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिवपुरी, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के आरटीसी करैरा परिसर में उप महानिरीक्षक सुरेश कुमार यादव के नेतृत्व में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
रैली में संस्थान के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं महिला कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिट और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर यह संदेश दिया कि नियमित व्यायाम और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाकर स्वस्थ, सुरक्षित और हरित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक सुरेश कुमार यादव ने कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों से दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के बीच साइकिल का उपयोग न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। साथ ही यह शरीर को सक्रिय और स्वस्थ बनाए रखने का सरल एवं सुलभ उपाय है।
कार्यक्रम के माध्यम से आरटीसी करैरा, आईटीबीपी ने फिट इंडिया तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के संकल्प को मजबूत करते हुए समाज में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया। आयोजन में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से साइकिल चलाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए योगदान देने का संकल्प भी लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा